Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 21 Jul 2022 8:10 pm IST

ब्रेकिंग

प्रेसिडेंट चुनाव में द्रौपदी मुर्मू की जीत, बनेंगी देश की 15वीं और पहली आदिवासी राष्ट्रपति


नई दिल्‍ली: एनडीए की उम्‍मीदवार द्रौपदी मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति होंगी। वे देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी। गुरुवार सुबह 11 बजे शुरू हुई काउंटिंग में नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने यूनाइटेड प्रोग्रेसिव अलायंस (यूपीए) उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को तीसरे राउंड की गिनती में ही हरा दिया।

द्रौपदी मुर्मू को जीत के लिए जरूरी 5,43,261 वोट तीसरे राउंड में ही मिल गए, जबकि थर्ड राउंड में मुर्मू को 5,77,777 वोट मिले। वहीं, यशवंत सिन्हा को 2,61,62 वोट ही मिल सके। इसमें राज्यसभा और लोकसभा के सांसदों सहित 20 राज्यों के वोट शामिल हैं। बाकी के राज्यों की गिनती जारी है।

देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी

एनडीए प्रत्‍याशी द्रौपदी मुर्मू की जीत के साथ वे देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति बन गई हैं। इधर, काउंटिंग के बीच द्रौपदी मुर्मू के गांव में जश्न शुरू हो गया है। लोग ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के जरिए मुर्मू की जीत के आधिकारिक ऐलान का इंतजार कर रहे हैं। ओडिशा के रायरंगपुर में मुर्मू के गांव और ससुराल में लड्‌डू भी बनकर तैयार है।

25 जुलाई को शपथ लेंगी द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई की मध्य रात्रि को खत्म हो रहा है। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा। इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी काउंटिंग के बाद द्रौपदी मुर्मू से मिलने जाएंगे। उनके साथ कैबिनेट के मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा भी जा सकते हैं। इसके अलावा भाजपा के दिल्ली हेड ऑफिस में भी जश्न की तैयारी है। इसमें जेपी नड्‌डा भी शामिल होंगे।