Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 26 May 2023 1:37 pm IST

राजनीति

सेंगोल से जुड़े BJP के दावों को कांग्रेस ने बताया झूठ, शाह बोले- इसे 'वॉकिंग स्टिक' समझा गया


नई दिल्‍ली: नई संसद के उद्घाटन में अब सिर्फ दो दिन बचे हैं, लेकिन इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी और विपक्ष आमने-सामने है। वहीं, सेंगोल (राजदंड‌) पर बीजेपी के दावों को कांग्रेस ने कोरी कल्पना बताया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि ऐसा कोई दस्तावेजी सबूत नहीं है कि सेंगोल (राजदंड) को सत्ता हस्तांतरण के प्रतीक के तौर पर ब्रिटिश सत्ता के हस्तांतरण के समय पंडित जवाहर लाल नेहरू को सौंपा गया था। इससे जुड़े सभी दावे बोगस हैं।

जयराम रमेश ने कहा, यह सच है कि सेंगोल, जिसको तत्कालीन मद्रास प्रांत में एक सनातन समूह ने बनाया था। इसको मद्रास में ही तैयार करने के बाद इस राजसी राजदंड़ को अगस्त, 1947 में देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को सौंपा गया था। इस बात का भी कोई भी दस्तावेजी सबूत नहीं है कि इस राजदंड को माउंटबेटन, राजाजी और नेहरू ने भारत में ब्रिटिश सत्ता के हस्तांतरण का प्रतीक बताया हो। इससे पता चलता है कि इनके सभी दावे पूरी तरह से झूठे और बोगस हैं। हो सकता है उनको यह ज्ञान वॉट्सऐप यूनिवर्सिटी से मिला हो।

कांग्रेस नेता ने सियासी फायदा लेने का लगाया आरोप

कांग्रेस नेता ने कहा कि राजदंड को बाद में इलाहाबाद संग्रहालय में रखा गया। 14 दिसंबर, 1947 को नेहरू ने वहां जो कुछ कहा, वह सार्वजनिक रिकॉर्ड का मामला है। भले ही उस पर लगा हुआ लेबल कुछ भी कहे। प्रधानमंत्री और उनका प्रचार करने वाले राजदंड का इस्तेमाल अब तमिलनाडु में अपने सियासी फायदे के लिए कर रहे हैं। इन लोगों (बिग्रेड) के पास अपने हितों के लिए तथ्यों को उलझाने के लिए विशेषज्ञता है।

शाह बोले- सेंगोल को वॉकिंग स्टिक समझ संग्रहालय में रखा गया

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सेंगोल के विरोध को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने शुक्रवार को ट्वीट किया, कांग्रेस पार्टी भारतीय परंपराओं और संस्कृति से इतनी नफरत क्यों करती है? पंडित नेहरू को तमिलनाडु के एक पवित्र शैव मठ द्वारा भारत की स्वतंत्रता के प्रतीक के रूप में पवित्र सेंगोल दिया गया था। कांग्रेस ने इसे 'वॉकिंग स्टिक' समझकर एक संग्रहालय में भेज दिया। कांग्रेस इतिहास को गलत बता रही है। कांग्रेस को अपनी सोच पर मंथन करने की जरूरत है।