Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 19 Jul 2022 1:30 am IST

मनोरंजन

कानूनी पचड़े में फंसी पोन्नियिन सेलवन: 1, मणिरत्नम-विक्रम को मिला कोर्ट नोटिस


मणिरत्नम की पोन्नियिन सेलवन: 1 साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। जहां फैंस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं अब यह कानूनी पचड़े में फंस गई है। एक वकील ने फिल्म निर्माता मणिरत्नम पर चोलों के बारे में ऐतिहासिक तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाते हुए कानूनी नोटिस भेजा है।

खबरों की मानें तो वकील ने दावा किया है कि चोलों के माथे पर तिलक लगाने की प्रथा कभी नहीं रही। हालांकि फिल्म के पोस्टर में आदित्य करिकालन (विक्रम की ओर से निभाया) एक 'तिलक' के साथ नजर आ रहे हैं। उसी का हवाला देते हुए वकील ने दावा किया है कि फिल्म में चोलों को गलत तरीके से पेश किया जा सकता है। इसलिए उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के लिए कि ऐतिहासिक तथ्यों को विकृत नहीं किया गया है, रिलीज से पहले फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग की मांग की है। हालांकि अभी तक न तो मणिरत्नम और न ही विक्रम ने कोर्ट के नोटिस का जवाब दिया है।

पोन्नियिन सेलवन: 1 प्रख्यात लेखक कल्कि के इसी नाम के तमिल उपन्यास पर आधारित है। फिल्म 10वीं शताब्दी में स्थापित है और चोल साम्राज्य के सामने आए संकटों और खतरों और सेना, दुश्मनों और देशद्रोहियों के बीच की लड़ाई को दर्शाती है। इस महीने की शुरुआत में फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया था। इसने विक्रम को पहले कभी नहीं देखे गए अवतार में और ऐश्वर्या को सुंदर रानी नंदिनी के रूप में प्रस्तुत किया। ट्रेलर में चोलों द्वारा अपने सिंहासन के लिए लड़े गए भयंकर युद्धों को दर्शाया गया है।

पोन्नियिन सेलवन को भारतीय सिनेमाघरों में अब तक के सबसे महंगे प्रोजेक्ट्स में से एक माना जाता है। फिल्म से एक्ट्रेस एश्वर्या राय बच्चन चार साल से अधिक समय के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। ऐश्वर्या के अलावा इसमें चियान विक्रम, तृषा, जयम रवि, लाल, जयराम, पार्थिबन, कार्थी, प्रभु और प्रकाश राज भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म दो भागों में सिनेमाघरों में रिलीज होगी और पहला भाग इस साल 30 सितंबर को पांच भाषाओं - तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी में सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।